
जौनपुर। थाना जलालपुर पुलिस ने नशीले पदार्थों की तस्करी रोकने के लिए अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए चार आरोपितों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने कुल 03 किलो 995 ग्राम नाजायज गांजा बरामद किया है। सभी मामलों में एनडीपीएस एक्ट के तहत अभियोग पंजीकृत कर आगे की विधिक कार्यवाही की जा रही है।
प्रभारी निरीक्षक जलालपुर के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर पहली कार्रवाई मझगवां कला नहर–जलालपुर–केराकत मुख्य मार्ग पर की, जहाँ गुलाम रसूल (52 वर्ष) निवासी महिमापुर को 1125 ग्राम, तथा खेलावन सरोज (55 वर्ष) निवासी ओईना को 600 ग्राम नाजायज गांजे के साथ रात्रि करीब 22:45 बजे गिरफ्तार किया गया। इस बरामदगी के आधार पर थाना जलालपुर में मु0अ0सं0 431/25 पंजीकृत किया गया।
इसी क्रम में पुलिस ने राज कुमार गौतम उर्फ साहब लाल (59 वर्ष), निवासी बराई को 01 किलो 250 ग्राम नाजायज गांजे के साथ पूरेव बैदा नहर पुलिया के पास से लगभग 21:30 बजे गिरफ्तार किया। इस संबंध में मु0अ0सं0 430/25 दर्ज किया गया।
तीसरी कार्रवाई में पुलिस ने नन्दलाल गौतम (59 वर्ष), निवासी रेहटी उसरहिया को 01 किलो 20 ग्राम नाजायज गांजा के साथ त्रिलोजन बाजार मोड़ के पास से रात करीब 21:40 बजे गिरफ्तार किया। इस मामले में मु0अ0सं0 429/25 पंजीकृत हुआ।
पुलिस के अनुसार एक आरोपित के विरुद्ध पूर्व में भी एनडीपीएस एक्ट से संबंधित एक मामला दर्ज है।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में उ0नि0 राजेश राम, उ0नि0 बलवन्ता, उ0नि0 विक्रमा प्रसाद, हे0का0 चन्दन सिंह, हे0का0 आनन्द कुमार, हे0का0 अखिलेश सिंह, का0 कर्मधीर पाल, का0 आलोक कुमार सिंह तथा होमगार्ड प्रदीप दूबे शामिल रहे।