सुजानगंज का लाल बना लेफ्टिनेंट कर्नल, गांव पहुंचने पर हुआ भव्य स्वागत

0 minutes, 1 second Read

 

जौनपुर।

सुजानगंज क्षेत्र के ऊंचगांव निवासी सुधांशु सिंह के भारतीय सेना में लेफ्टिनेंट कर्नल के पद पर चयनित होने से पूरे क्षेत्र में खुशी की लहर दौड़ गई है। उनकी इस ऐतिहासिक उपलब्धि से न केवल परिवार बल्कि पूरे गांव और क्षेत्र का नाम रोशन हुआ है।

जानकारी के अनुसार, सुधांशु सिंह ने वर्ष 2022 में संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) द्वारा आयोजित एनडीए परीक्षा उत्तीर्ण की थी। वे स्वर्गीय चंद्रेश सिंह के सुपुत्र हैं। उनकी प्रारंभिक शिक्षा इंदौर में हुई। चार भाई-बहनों में वे चौथे स्थान पर हैं। बचपन से ही उनमें अनुशासन, परिश्रम और देशसेवा की भावना स्पष्ट रूप से दिखाई देती रही है।

लेफ्टिनेंट कर्नल बनने के बाद जब सुधांशु सिंह पहली बार अपने पैतृक गांव पहुंचे तो ग्रामीणों ने गाजे-बाजे और फूल-मालाओं के साथ उनका भव्य स्वागत किया। स्वागत जुलूस के साथ उन्हें गौरी शंकर धाम, सुजानगंज ले जाया गया, जहां विधि-विधान से दर्शन-पूजन के बाद माल्यार्पण कर सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर आयोजित प्रेस वार्ता में लेफ्टिनेंट कर्नल सुधांशु सिंह ने कहा कि लगन, अनुशासन और एकाग्रता के साथ किए गए निरंतर प्रयास से सफलता अवश्य मिलती है। उन्होंने क्षेत्र के युवाओं से लक्ष्य निर्धारित कर कठिन परिश्रम करने तथा देशसेवा के लिए भारतीय सेना सहित अन्य सेवाओं में आगे आने का आह्वान किया।

स्वागत कार्यक्रम में मनोज सिंह, गायत्री सिंह, निशा सिंह, सत्येंद्र सिंह, विकास सिंह, प्रवीण, संतोष सिंह (पूर्व प्रधान), दीपक सिंह, अंकित सिंह लखनवी, कमलेश सिंह (सेवानिवृत्त जेलर), पंकज दुबे (पूर्व महामंत्री, इलाहाबाद विश्वविद्यालय) सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण, जनप्रतिनिधि एवं क्षेत्रीय नागरिक उपस्थित रहे।

लेफ्टिनेंट कर्नल सुधांशु सिंह की इस उपलब्धि को क्षेत्र के युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत बताते हुए लोगों ने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

Similar Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *