मड़ियाहूँ (जौनपुर)।

उंचनीखुर्द गाँव की रहने वाली जयदेवी ने अपने ही गाँव के पूर्व दरोगा पतिराम के खिलाफ गंभीर आरोप लगाते हुए पुलिस अधीक्षक जौनपुर को प्रार्थना पत्र सौंपा है। पीड़िता का कहना है कि उसकी भूमि आराजी संख्या 507 से संबंधित सिविल विवाद में कोर्ट से स्टे आदेश होने के बावजूद विपक्षी पक्ष जबरन दखल दे रहा है और उसे खेती करने नहीं दे रहा।
जयदेवी के अनुसार, पूर्व दरोगा पतिराम उससे पुरानी रंजिश रखते हैं और आए दिन विवाद, गाली-गलौज तथा मारपीट की धमकी देते रहते हैं। आरोप है कि सरसों की फसल की सिंचाई के लिए लगाए गए मोनोब्लॉक पर भी पतिराम ने थाना मड़ियाहूँ पुलिस की मिलीभगत से कब्ज़ा कर लिया, जिससे उसकी फसल खराब होने की नौबत आ गई है।
पीड़िता का कहना है कि शिकायत लेकर जब वह कोतवाली मड़ियाहूँ जाती है, तो पुलिस कार्रवाई करने के बजाय उसे डांटकर भगा देती है। उसके अनुसार, पतिराम पूर्व में पुलिस विभाग में दरोगा रहे हैं, इसी वजह से थाने का पूरा स्टाफ उनका पक्ष ले रहा है।
जयदेवी ने पुलिस अधीक्षक से मांग की है कि विपक्षी को उसकी भूमि पर लगे मोनोब्लॉक का इस्तेमाल करने से रोका जाए और सिंचाई कार्य में बाधा डालने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए। साथ ही चेताया कि यदि दुबारा अवरोध उत्पन्न किया गया, तो दोषियों पर उचित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया जाए।