
जौनपुर, 4 दिसंबर। शाहगंज तहसील के ऐतिहासिक रामलीला मैदान में दो दिवसीय शाहगंज महोत्सव का शुभारंभ मंगलवार को बड़े हर्षोल्लास के साथ हुआ। कार्यक्रम का उद्घाटन राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) धर्मवीर प्रजापति, विधायक रमेश सिंह, पूर्व गृहराज्य मंत्री कृपाशंकर सिंह, पूर्व सांसद कुवर हरिवंश सिंह, जिलाधिकारी डॉ. दिनेश चन्द्र और पुलिस अधीक्षक डॉ. कौस्तुभ ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया।
अतिथियों का पुष्पगुच्छ व अंगवस्त्र से स्वागत किया गया। इसके बाद सभी ने मिशन शक्ति स्टॉल का निरीक्षण किया। महोत्सव का मुख्य आकर्षण रहा सामूहिक विवाह समारोह, जिसमें 631 पंजीकरणों में से 587 जोड़ों का विधिपूर्वक विवाह संपन्न कराया गया। मंत्री और अन्य जनप्रतिनिधियों ने नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद दिया तथा विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वालों को सम्मानित किया।
अपने संबोधन में मंत्री धर्मवीर प्रजापति ने कहा कि सरकार गरीब परिवारों के विकास और बेटियों के विवाह के प्रति पूरी तरह समर्पित है। जिलाधिकारी डॉ. दिनेश चन्द्र ने बताया कि सामूहिक विवाह में जोड़ों की पहचान बायोमेट्रिक से सुनिश्चित की गई और हर जोड़े को पौधा भेंट कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया।
महोत्सव में सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने दर्शकों का मन मोह लिया। कार्यक्रम में अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और बड़ी संख्या में नागरिकों की उपस्थिति रही।