हाथरस: उत्तर प्रदेश के हाथरस जिले से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। बैरगांव की रहने वाली ममता ने अपने पति और ससुरालवालों पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने, मारपीट करने और भूखा रखने के गंभीर आरोप लगाए हैं। महिला का कहना है कि ससुरालवालों ने उसे घर से निकाल दिया और पति ने अपमानजनक टिप्पणी करते हुए कहा – “तेरी जैसी 300-300 रुपये में बहुत मिलती हैं।”
11 महीने पहले हुई थी शादी
ममता की शादी करीब 11 महीने पहले मथुरा के थाना फरहा क्षेत्र के रहने वाले मानपाल से हुई थी। ममता का आरोप है कि शादी के कुछ दिनों बाद ही पति और ससुराल वाले अतिरिक्त दहेज की मांग करने लगे।
“घर में बंद कर भूखा रखते थे”
महिला का कहना है कि शादी में उसके पिता ने लगभग 12 लाख रुपये खर्च किए थे, लेकिन इसके बावजूद ससुरालवाले संतुष्ट नहीं हुए। उन्होंने ममता को आए दिन प्रताड़ित करना शुरू कर दिया। शिकायत में कहा गया है कि उसे घर में बंद करके भूखा रखा जाता था और कई बार डंडों से मारपीट की गई।
अवैध संबंधों का भी आरोप
ममता ने पति पर दूसरी महिला से अवैध संबंध रखने का भी आरोप लगाया है। उसने बताया कि जब उसने विरोध किया तो उसे खाना नहीं दिया जाता और घर से निकालने की धमकी दी जाती थी।
पुलिस कार्रवाई
महिला की शिकायत पर पुलिस ने पति और ससुरालवालों के खिलाफ दहेज उत्पीड़न समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। फिलहाल ममता अपने मायके में रह रही है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।